दीपावली उत्सव की तैयारियों के लिए डीसी ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले में दीपावली उत्सव की तैयारियों के लिए डीसी अभिषेक शर्मा की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
सहायक निदेशक खाद्य सुरक्षा (एडी फूड सेफ्टी) को मिठाई की दुकानों पर मिलावट रोकने के लिए सैंपल जांचने के निर्देश दिए। इसकी रिपोर्ट एडीसी सांबा को शीघ्र सौंपे जाने को कहा। नगर निकायों को सफाई बनाए रखने और व्यापार मंडल के साथ बैठक करने का निर्देश दिया। प्लास्टिक के स्थान पर हस्तनिर्मित वस्तुओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया। पटाखों के उपयोग की अनुमति डीएम/एडीएम/एसडीएम को दी गई है, जिसमें अग्नि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाजार क्षेत्रों में उचित दूरी सुनिश्चित करने के लिए तहसीलदारों को निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को उत्सव के दौरान प्राथमिक चिकित्सा और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का काम सौंपा।
डीसी ने पीडीडी को समारोह के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति करने का निर्देश दिया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को यातायात और पार्किंग स्थानों की उपलब्धता की निगरानी करने का काम सौंपा। आपातकालीन निकासी के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने को बाजार क्षेत्रों में किसी भी वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। यह जिम्मेदारी नगरपालिका और तहसीलदारों के साथ साझा की गई। कृषि विभाग को किसानों को उनके कटाई क्षेत्रों की सुरक्षा करने और ढेर को आग से बचाने के लिए सलाह देने का काम दिया।