सचिवालय के दरबार मूव के लिए नगर निगम ने भी तैयारी कर ली है। शहर की साफ-सफाई, सड़कों के किनारे रंग-रोगन करने के काम के साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के काम को प्राथमिकता के साथ पूरा करने हेतु नगर निगम ने कमर कस ली है।
सचिवालय मार्ग से लेकर अति विशिष्ट क्षेत्र तक बंद और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने हेतु नगर निगम के इलेक्ट्रीशियन विंग द्वारा विशेष तौर पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए विंग द्वारा एक टीम भी गठित की गई है, जो सुबह तड़के या फिर रात को बंद स्ट्रीट लाइटों के काम को अंजाम देगी।
विंग के इंचार्ज जेएस सलाथिया ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि दरबार मूव से पहले स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम पूरा कर दिया जाएगा। शहर की ज्यादातर स्ट्रीट लाइटों के खराब होने की बात पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा, ऐसा नहीं है, हम समय-समय पर स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करते रहते हैं। कई बार बारिश की वजह से स्ट्रीट लाइटें खराब हो जाती हैं, पर निगम के पास जब शिकायत आती है तो उसको ठीक कर दिया जाता है।