पंज पीर करीम अली शाह स्थान पर दंगल व मेले का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। गांव जिंदड मेहलू में पंज पीर करीम अली शाह स्थान पर शुक्रवार को दंगल का आयोजन किया गया। इसमें जम्मू-कश्मीर के साथ पंजाब, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से पहुंचे पहलवानों ने जौहर दिखाए। पहला मुकाबला आरएस पुरा के सेठी पहलवान ने अमृतसर (पंजाब) के संजय पहलवान को हराकर अपने नाम किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में आरएस पुरा के अमित पहलवान ने बिश्नाह के कालू पहलवान को पटखनी दी।
तीसरे स्थान के लिए जम्मू के बंटी पहलवान और आरएस पुरा के दीपू पहलवान भिड़े। इसमें बंटी को जीत मिली। मौके पर डीडीसी मीरां साहिब विद्या मोटन और थाना प्रभारी आरएस पुरा पवन कुमार डोगरा मुख्य तौर पर मौजूद थे। गठित कमेटी के प्रधान गारा राम मोटन व सरपंच सीमा देवी ने विजेताओं को सम्मानित किया। दंगल कमेटी के प्रीतम चंद, सुभाष चंद्र, श्याम लाल, पंडित सेवा राम और पप्पू राम ने बताया कि पीर बाबा स्थान पर हर वर्ष दंगल करवाया जाता है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को खेलों की तरफ आगे लाना है, ताकि वे नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रह सकें। गौरतलब है कि वीरवार को पीर बाबा स्थान पर मेले की शुरुआत हुई थी।