बिलावर। देवल गांव में मंगलवार को आयोजित वार्षिक दंगल में पंजाब के शमशेर पहलवान ने मलेरकोटला पंजाब के रहमत अली को चित कर दंगल पर कब्जा जमा लिया। दंगल का शुभारंभ एडीसी संदेश कुमार शर्मा और स्थानीय पंचायत के सरपंच शमशेर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। दंगल में जम्मू-कश्मीर सहित पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य जगहों से करीब डेढ़ सौ पहलवान पहुंचे थे। इस दौरान 80 के करीब कुश्तियां करवाई गईं।
बड़ी माली का मुकाबला रोमांचक रहा। आधे घंटे तक चले मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक दूसरे को हराने का पूरा प्रयास किया, लेकिन शमशेर ने बेहतरीन दांवपेंच दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी पहलवान रहमत अली को हराकर दंगल अपने नाम कर लिया। दंगल में विजेता और उपविजेता दोनों पहलवानों को मुख्य अतिथि एडीसी बिलावर और देवल पंचायत के प्रतिनिधियों की ओर से 35000 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर दंगल कमेटी के प्रधान प्रभात सिंह, नायब सरपंच धनंतर सिंह, पंच सुरेंद्र शर्मा, खुशीराम, राकेश अंडोत्रा, सुरेंद्र सिंह अंडोत्रा ,शंकर सिंह, भाग सिंह, रिशु जसरोटिया, रसंत सिंह, चमेल सिंह आदि मौजूद रहे। बुधवार को गुड़ा कल्याल के सरनी में दंगल का आयोजन किया जाएगा।