सेंट्रल यूनिवर्सिटी आफ जम्मू (सीयूजे) का पहला दीक्षांत समारोह रविवार को जम्मू यूनिवर्सिटी के जोरावर सिंह आडिटोरियम में होगा। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा इसके मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और पूर्व चीफ आफ आर्मी स्टाफ एनसी विज भी समारोह में शिरकत करेंगे।
विश्वविद्यालय उन्हें पीएचडी की मानद उपाधि प्रदान करेगा। कार्यक्रम में 2017 तक के शैक्षिक कार्यक्रम वाले छात्रों को पीएचडी, पीजी डिग्री, गोल्ड मेडल और मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार रवि कुमार के मुताबिक केंद्रीय मंत्री को पब्लिक पालिसी एवं पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन पर डिग्री दी जाएगी, जबकि पूर्व चीफ आफ आर्मी स्टाफ को कुलाधिपति और राज्यपाल एनएन वोहरा नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज में डिग्री प्रदान करेंगे।
विश्वविद्यालय की स्थापना सात साल पहले 2011 में आठ अगस्त को हुई थी। पहला एकेडमिक सेशन (2011-12) तीन पीजी कोर्स इंगलिश, इकोनामिक्स और अप्लाइड मैथमेटिक्स में शुरू हुआ था। अगले सत्र में इसमें पांच कोर्स जोड़े गए। तीसरे सेशन से सभी डिपार्टमेंट फंक्शनल हैं। यूनिवर्सिटी आठ विषयों में इंटिग्रेटेड एमफिल-पीएचडी प्रोग्राम भी करा रहा है।