कठुआ। बाइसिकल फॉर चेंज क्लब की ओर से मंगलवार को विश्व साइकिल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को पर्यावरण अनुकूल आवागमन के साधन के रूप में साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमांडर अमित खजूरिया ने युवाओं को इस दिन का महत्व बताया। उन्होंने साइक्लिंग को रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है।
क्लब के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने संगठन के उद्देश्य और भारत सरकार की पहल संडे ऑन साइकिल के बारे में बताया। उन्होंने लोगों से साइक्लिंग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की, ताकि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों का संरक्षण किया जा सके। इस अवसर पर अरुण दीप शर्मा, परीक्षित शर्मा, रमित समेत कई लोग मौजूद रहे।
छात्रों ने नगरोटा गुजरु में निकाली साइकिल रैली
संवाद न्यूज़ एजेंसीरामकोट। जिला कठुआ के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के दिशा-निर्देश पर मंगलवार को विश्व साइकिल दिवस मनाया गया। इस दौरान रामकोट के नगरोटा गुजरु में स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। धार सड़क नगरोटा से शुरू रैली सलोड इलाके तक गई। मुख्य अतिथि रहे राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नगरोटा गुजरु के प्रधानाचार्य जगदीश कुमार ने रैली को रवाना किया। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को बढ़ते वातावरण प्रदूषण के प्रति जागरूक कर इससे निजात दिलाने के लिए स्थानीय स्तर पर आवागमन के लिए मोटरसाइकिल के बजाय साइकिल चलाने का संदेश दिया गया ताकि वातावरण स्वच्छ बना रहे। जोन भड्डू के जेडपीओ और उनके साथ फील्ड स्टाफ की देखरेख में निकाली गई इस साइकिल रैली में इलाके के सरकारी स्कूलों के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया।