आनलाइन ठगी के मामलों पर अंकुश नहीं लग रहा। धोखे से एटीएम का पिन कोड पूछकर लोगों को लूटा जा रहा है। गांधी नगर और सिटी चौक के बाद अब ताजा मामला अखनूर इलाके का है। जहां एक युवक के एटीएम का पिन कोड पूछकर उसके अकाउंट से हजारों रुपये निकाल लिए गए।
अखनूर के चक भगवाना के रहने वाले विजय कुमार का अखनूर स्थित एसबीआई ब्रांच में खाता है और वहां का एटीएम भी। 20 मार्च को विजय को फोन आया कि उसके एटीएम का पिन कोड बदलना होगा। उसे बताया गया कि वह लोग बैंक से बोल रहे हैं। विजय ने अपना पिन कोड बता दिया। 21 मार्च को विजय ने अपना अकाउंट चेक करना चाहा तो देखा कि खाते से 62000 रुपये गायब थे।
तीन ट्रांजेक्शन के जरिये यह पैसा निकाला गया था। उसने गांधी नगर में एक एटीएम से मिनी स्टेटमेंट चेक की। इसमें दिखाया गया कि 20 मार्च के दिन ही उसके खाते से यह पैसे निकाले गए, लेकिन हैरानी की बात है कि मिनी स्टेटमेंट में पैसे निकालने का आप्शन नहीं दिखा। ऐसे अक्षर सामने आए, जिसमें कुछ नहीं पढ़ा जा रहा।