- एक लाख 47 हजार रुपये की धोखाधड़ी हुई, एक लाख 24 हजार की राशि पुलिस ने रोकी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। साइबर सेल ने जम्मू जिले में 1 लाख 47 हजार 450 रुपये की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के तीन केस सुलझाए हैं। इस संबंध में सेल के पास अलग-अलग आनलाइन साइबर अपराध से संबंधित तीन शिकायतें आई थीं।
पहले पहले मामले में पीड़ित को होटल और रेस्तरां की समीक्षा करने और पैसा कमाने के लिए व्हाट्सएप पर फोन आया। इसमें पीड़ित ने 62450 रुपये का निवेश किया। दूसरे मामले में शिकायतकर्ता ने 52 हजार रुपये का निवेश किया। शिकायत थी कि टेलीग्राम एप पर निवेश के बारे में एक पोस्ट देखी। बाद में पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।
इसी तरह तीसरे मामले में 35 हजार रुपये का निवेश आनलाइन ऋण पर हुआ है। इस संबंध में अधिकारियों से आनलाइन संपर्क किया गया। एक ऋण एप डाउनलोड करने का सुझाव दिया गया। बाद में धोखाधड़ी सामने आई। शिकायत के बाद पुलिस द्वारा तेजी से कार्रवाई की गई। परिणामस्वरूप एक लाख 47 हजार 450 में से एक लाख 24 हजार 450 रुपये की राशि को होल्ड कर लिया गया।