आतंकी बुरहान वानी की बरसी से पहले त्राल में कर्फ्यू, अलगाववादियों ने श्रीनगर बंद का किया ऐलान
- फोटो : फाइल
हिज्बुल मुजाहिद्दीन कमांडर बुरहान वानी की मौत को दो साल पूरा होने पर रविवार (8 जुलाई) को अलगाववादियों की रैली करने की योजना को नाकाम करने के लिए प्रशासन ने कश्मीर के त्राल में कर्फ्यू लगा दिया है।। घाटी के शेष हिस्सों में भी लोगों की आवाजाही पर पाबंदियां लगा दी गई हैं।
शहर की तरफ जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया गया है और प्रतिबंधों को लागू करने के लिए पुलिस व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को भारी संख्या में तैनात कर दिया गया है। पूरे कश्मीर में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैन्य बलों को भी तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैन्य बलों के जवानों को तैनात किया गया है और कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। ज्वाइंट रेजिस्टेंस लीडरशिप पार्टी द्वारा बुलाई गई हड़ताल के कारण घाटी में सामान्य जनजीवन बाधित हो गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घाटी में शांति बनाए रखने के एहतियाती कदम के तौर पर पुलवामा जिले में वानी के पैतृक शहर त्राल में कर्फ्यू लगा दिया गया है। कई अलगाववादी संगठनों ने वानी को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों से त्राल तक मार्च करने के लिए कहा। वानी 2016 में 8 जुलाई को ही सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।