कश्मीर घाटी में पिछले 3 महीने से ज्यादा समय से चल रहा तनाव का माहौल अब भी जारी है । घाटी में लगातार 96वें दिन तनाव के चलते पाबंदियां लगाई गई हैं । कश्मीर घाटी में हिंसक प्रदर्शनों का दौर लगातार जारी है जिसके मद्देनजर प्रशासन नें जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में एहतियातन कर्फ्यू लगा दिया है ।
प्रशासन के एक अधिकारी के मुताबिक श्रीनगर के 5 थाना क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है । कानून और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के अधिकारियों द्वारा श्रीनगर के खान्यार, रैनावारी, नौहट्टा, सफाकदल और महाराजगंज इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है । इसके अलावा सौरा, लाल बाजार, जाड़िबल और नीगीन के इलाकों में प्रशासन द्वारा कर्फ्यू जैसी पाबंदियां लगाई गई हैं ।
घाटी में 8 जुलाई को हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के सेना के साथ मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से ही तनाव का माहौल है । बुरहान के मारे जाने के बाद से भड़की हिंसा के कारण अब तक कुल 84 लोगों की मौत हो चुकी है । इसके अलावा सुरक्षाबलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़पों मे हजारों लोग घायल हुए हैं ।
आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित
घाटी में तैनात जवान
- फोटो : PTI
कई महीनों से अशांत कश्मीर घाटी में आम लोगों के जनजीवन पर बहुत गहरा असर पड़ रहा है । घाटी में महीनों से स्कूल बंद हैं, इसके अलावा सरकारी दफ्तरों में भी कामकाज नहीं हो रहा है । घाटी के अशांत माहौल के चलते कश्मीरी बच्चों के भविष्य पर खतरा मंडरा रहा है ।
घाटी के स्कूलों में शिक्षा के इंतजामों पर गहरा प्रभाव पड़ा है । इसके साथ ही कर्फ्यू जैसी पाबंदियों के कारण सड़कों पर कम लोग ही दिख रहे हैं । पिछले 3 महीनों से जारी हिंसा के कारण घाटी में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का सेलेबस पूरा नहीं हो पाया है ऐसे में बच्चे भी परीक्षाओं में बिना पढ़ाई बैठने को मजबूर हैं ।
पुलिस ने 66 उपद्रवियों को किया गिरफ्तार
kashmir
- फोटो : PTI
घाटी में कई इलाकों से मुहर्रम का जुलूस निकला। श्रीनगर के शमसाबारी इलाके से निकले जुलूस को रोके जाने पर लोगों की सुरक्षा बलों के साथ झड़प हुई। इस दौरान आंसू गैस के गोले दागने पड़े जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। हालांकि, अन्य इलाकों और कारगिल में जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकला।
उधर शुक्रवार को हालात को सामान्य देखते हुए श्रीनगर के छह थाना क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया था । इस दौरान पुराने शहर के कुछ थाना क्षेत्रों में प्रतिबंध जारी रहा । इस दौरान पुलिस ने पिछले 66 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया था ।
पुलिस ने श्रीनगर के नौशेरा इलाके से पत्थरबाजी में शामिल शातिर शेख सरताज को गिरफ्तार किया है। नौहट्टा के सरताज की पुलिस को 2008 से तलाश थी। वह नौहट्टा जा रहा था तभी रास्ते में सादे वेश में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे उठा लिया।