सांबा के रधंवाल में शहीद रिंकु शर्मा की प्रतिमा को स्थापित करते परिवार के सदस्य
- फोटो : SAMBA
सांबा। जिले के घगवाल के अंतर्गत आने वाले रंधवाल में सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुपवाड़ा में शहीद हुए रिंकू शर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस मौके पर हवन यज्ञ किया, जिसमें परिवार के सदस्यों ने आहुतियां दीं। बाद में शहीद की प्रतिमा को स्थापित किया गया।
शहीद के पिता शिव राम शर्मा ने बताया कि उनका बेटा रिंकू शर्मा 17 पंजाब रेजीमेंट में था। 12 दिसंबर 2012 को कुपवाड़ा में एक आईईडी विस्फोट में वह शहीद हो गया। परिवार की ओर से शहीद की याद में गांव में एक गेट बनवाया गया। न तो राजनीतिक दल के नेताओं और न ही प्रशासन की ओर से ही उनके बेटे की याद में कोई स्मारकबनाया गया। उन्होंने स्वयं ही स्मारक बनाया है। आज अपने शहीद बेटे की प्रतिमा को स्थापित किया गया है। युवा बेटे की प्रतिमा देख कर माता पोली देवी की आंखों से आंसू निकल रहे थे। शहीद की बहनें व परिवार के अन्य सदस्यों की भी आंखें नम थीं। इस अवसर पर 17 पंजाब रेजीमेंट के पूर्व कैप्टन बाज सिंह व पलटन के अन्य कर्मियों कमल शर्मा आदि ने शहीद की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।