शहीदी दिवस के मौके पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
मीरां साहिब। शहीद भगत सिंह कमेटी मीरां साहिब की तरफ से सोमवार को शहीद भगत सिंह पार्क में एक कार्यक्रम का शहीद भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव को उनके शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि दी। कमेटी के सदस्यों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर फूल मालाएं अर्पित कीं तथा देश की आजादी में दिए योगदान पर विचार प्रकट किए। कमेटी के प्रधान कामरेड ओमप्रकाश खजूरिया, किशोर कुमार, कुंदन लाल शर्मा आदि ने कहा कि देश की आजादी में भूमिका निभाने वाले शहीदों की कुर्बानी को भुलाया नहीं जा सकता। देश हमेशा इन शहीदों का कर्जदार रहेगा, जिन्होंने देश की आजादी के लिए प्राण तक न्यौछावर कर दिए। वहीं आरएस पुरा के पुराने पिंड चौक में समाजसेवीइंद्रजीत सूजन की अध्यक्षता में शहीदी दिवस शहीदों की प्रतिमाओं पर फूलमाला अर्पित कर उन्हें याद किया गया। इस दौरान पार्षद अशोक सहित कई लोगों नेेे शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। संवाद
शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को याद किया
विजयपुर। क्षेत्र के राजनीतिक और गणमान्य लोगों ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव को घरों में ही श्रद्धांजलि दी। शहीदों के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन किया। बताया गया कि जिला प्रशासन की तरफ से लॉक डाउन होने के कारण हम शहीदों को घरों में ही श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उन्हें उनके बलिदान दिवस पर याद किया। उन्होंने 23 मार्च 1931 को देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते फांसी स्वीकार की। संवाद
भाजपा कार्यकर्ताओं ने वतन पर मिटने वालों को किया याद
सांबा। आजादी के परवाने व देश की आजादी दिलाने वालेे वीर सपूतों की जयंती पर सोमवार को उन्हें याद किया गया। जिले के घगवाल में भाजपा नेता एवं समाजसेविका गीता भगत ने अपने आवास पर महिलाओं के साथ शहीदों की प्रतिमाओं पर फूल अर्पित कर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। जिनकी बदौलत आज हम आजादी से सांस ले रहे हैं। यह सब शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की ही देन है, जिन्होंने हंस कर फांसी का फंदा चूम लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे देश प्रेमियों को देश हमेशा याद रखेगा। संवाद
फोटो
शहीदों को याद किया
बिश्नाह। भाजपा के कार्यालय में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व विधायक अश्विनी शर्मा ने कहा कि मौजूदा समय में कोरोना वायरस के कारण शहीदी दिवस पर इन सपूतों को सामान्य तरीके से श्रद्धांजलि अर्पित की है। कार्यक्रम में कुछ ही कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन शहीदों के कारण है देश को आजादी मिली। आज हम इन्हें नमन करते हैं। संवाद