एस पुरा। गुरु रविदास के 643 वें प्रकाश उत्सव पर उपजिले में अनेक स्थानों रविवार को कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस दौरान मंदिरों में पहुंच भक्तजनों ने माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्य कार्यक्रम कस्बे में गुरु रविदास ट्रस्ट आरएस पुरा के प्रधान अजय कुमार की देखरेख में आयोजित किया गया। इस दौरान गुरुविनय मुनी ने प्रवचन सुनाकर भक्तों को गुरु रविदास के बताए रास्ते पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु जी ने समाज को एकता व सद्भाव का संदेश दिया। इस पर लोगों को चलकर समाज की सेवा करनी चाहिए। रविवार को सुबह से ही मंदिर में पहुंचे भक्तों ने माथा टेका व आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के उपरांत भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान आरएस पुरा ब्लाक वीडीसी चेयरमैन तरसेम कुमार शर्मा, मीरां साहिब ब्लाक चेयरमैन दलीप कुमार मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने समाज के लोगों को बधाई देते हुए देश व राज्य की खुशहाली के लिए मिलजुल कर कार्य करने के लिए कहा।
ट्रस्ट के प्रधान अजय कुमार, पूर्व पार्षद सुनीता देवी, पूर्व प्रधान जनक राज आदि ने बधाई देेते हुए समाज के सभी वर्ग के लोगों के सहयोग के लिए धन्यवाद किया। गांव दरावते, चक्क वाला, फिंदड, बोकडी, कोटली अर्जुन सिंह गुरू रविदास सभा आदि में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
------
सिकंदरपुर में भी हुआ कार्यक्रम का आयोजन
मीरां साहिब। श्री गुरु रविदास एसएस ट्रस्ट हेडक्वार्टर सिकंदरपुर कोठे में कार्यक्रम का आयोजन कर गुरू के नाम का गुणगान किया गया। झंडे की रस्म के साथ भक्तों ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा और आरती की, जिसमें गांव की महिलाओं सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ट्रस्ट के महासचिव डॉ. डीडी शिवगोत्रा ने गुरु के जीवन पर प्रकाश डाला व उनके सादगी जीवन के बारे में महिमा सुनाई। पाठियों ने संगत को बधाई देते हुए गुरु की महिमा का गुणगान किया। ट्रस्ट के चेयरमैन सीएल बनाल, संयोजक केसर सिंह, महासचिव डॉ. डीडी शिवगोत्रा, पुरुषोत्तम थापा, रमन अत्री, रामस्वरूप, बीआर चंडयाल, राज कुमार सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
--------------
युवाओं ने नाच कर मनाई खुशी
अखनूर। गुरु रविदास जयंती पर शोभायात्रा निकाली गई। जो कस्बे के सुंगल मोड़ से शुरू हुई और सुंगल मोड़, निर्दोष चौक, बस अड्डा, मेन चौक से हो कर निकली। शोभायात्रा में संत रविदास के जीवनी पर आधारित प्रस्तुति की। शोभायात्रा के आगे ढोल नगाड़ों पर युवाओं नाच कर खुशी मनाई। इसके पीछे महिलाओं ने भजन किया। शोभायात्रा रविदास मंदिर में खत्म हो गई। जहां सत्संग के साथ पूजा अर्चना की गई। भंडारा भी लगाया गया। प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने माथा टेका। संवाद
-----------
गुरु के चित्र पर चढ़ाए फूल
विजयपुर। गुरु रविदास के प्रकाशोत्सव के मौके पर रविवार को मंदिरों में सत्संग और भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर समाज के लोगों ने गुरु के चित्र पर फूल चढ़ाई और उनकी जीवनी पर प्रकाश डाला। संवाद
-----------
सांबा। गुुरु रविदास के प्रकाशोत्सव पर जिला भर में कार्यक्रम हुए। सीमावर्ती कस्बा राजपुरा में गुरु रविदास सभा के सदस्य कालीदास, सोम नाथ, बलवीर कुमार, तरसेम लाल आदि ने बताया कि हर वर्ष कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। बाद में लंगर भी लगाया जाता है। गुरु रविदास सभा घगवाल की ओर से भी एक कार्यक्रम किया गया। इसकी जानकारी कुलदीप कुमार, बलवीर कुमार, हंस राज, थोडू राम, अंचल कुमार, सुनीता, सुषमा आदि ने दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह महान संत गुरु रविदास की जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। सुबह से कीर्तन चल रहा था। बाद में लंगर भी बांटा गया। संवाद
----------
रामगढ़। गुरु रविदास के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को रविदास मंदिर में समारोह का आयोजन हुआ। श्री गुरु रविदास सभा सीमावर्ती क्षेत्रों के गांव रामगढ़, नंदपुर, पखडी, कमोर की तरफ से आयोजित समारोह में दूर-दराज क्षेत्र के रविदास पंथी सदस्यों तथा लोगों ने शरीक होकर गुरुओं के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि हमारे गुरुओं ने समाज को नई दिशा देने के लिए अहम योगदान दिया है। गुरु जी ने भी अपना सारा जीवन समाज की सेवाओं को समर्पित किया और आज उन्हीं की बदौलत हमें समाज में नई दिशा मिली है। समाज को बुरी आदतों से सुरक्षित रखने, युवाओं को अपने भविष्य के सही रास्तों को चुनने तथा समाज में होने वाली अन्य बुराइयों को दूर करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। हमारे सही दिशा की तरफ बढ़ने वाले कदम ही हमारे गुुुरुओं के लिए सच्ची श्रद्धांजलि माने जाएंगे। इस मौके पर संगत की सेवा में लंगर का आयोजन भी किया गया। संवाद