जम्मू। विश्वकर्मा दिवस पर विश्वकर्मा मंदिर अखनूर रोड मिश्रीवाला में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हवन, भजन-कीर्तन के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांसद जुगल किशोर शर्मा मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका दिल जीत लिया। विश्वकर्मा दिवस के उपलक्ष्य पर मंदिर को रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम चरगोत्रा ने कहा कि हर वर्ष मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सरकार से विश्वकर्मा दिवस पर सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग की। इस दौरान मंदिर के चेयरमैन मंगल दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा ने पूरी दुनिया को बनाया। विश्वकर्मा भगवान की पूजा देश-विदेश में भी होती है। सांसद जुगल किशोर शर्मा ने विश्वकर्मा दिवस पर सरकारी अवकाश की मांग को उचित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया।
उधर, एग्रीकल्चर विभाग जम्मू में गर्वनमेंट एग्रीकल्चर वर्कशॉप में भी विश्वकर्मा दिवस मनाया। इस अवसर पर पीएस राठौड़ मुख्य अतिथि रहे। अपने संबोधन में उन्होंने किसानों के लिए सुविधाजनक मशीनों का निर्माण करने पर जोर दिया। सीड प्रोसेसिंग प्लांट, मशरूम डेवलपमेंट एंड ट्रेनिंग सेंटर और चिनौर व चकरोही में विभाग के सीड मल्टीपलीकेशन फार्म में विश्वकर्मा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर (सेंट्रल) जम्मू रविंद्र थपलू, एग्रीकल्चरल रिसर्च इंजीनियर अनिल नरगोत्रा, एसएमएश इंजीनियरिंग अरशद हुसैन, टेक्निकल असिस्टेंट बंटू धर, राजीव मंगोत्रा मौजूद रहे।