विजयपुर। कोरोना को देखते हुए युवाओं ने इस बार 31 दिसंबर परिवार के साथ घर में ही मनाया। क्षेत्र के रोहित कुमार, लकी सिंह, हेमराज, दीपक कुमार, अमन सिंह आदि ने बताया कि पहले हम लोग 31 दिसंबर को पटनीटॉप या डलहौजी जाकर मनाते थे। सरकार की गाइड लाइन को देखते हुए इस बार नए साल का जश्न हमने परिवार के साथ घर में ही मनाया। क्योंकि सरकार अपील कर रही है कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में न जाएं। नव वर्ष पर सुबह स्नान करके मंदिरों में पूजा-अर्चना करेंगे और सुख-शांति की कामना करेंगे। एक-दूसरे को शुभकामनाएं देंगे। संवाद
उत्साह और उमंग के साथ किया नववर्ष का स्वागत
मेंढर। उपजिले में वर्ष 2021 को अलविदा कहने और नववर्ष 2022 का बड़े उत्साह और उमंग से स्वागत किया गया। इससे पहले नववर्ष के स्वागत को लेकर लोगों ने काफी तैयारियां कर रखीं थीं। जैसे ही रात के बारह बजे नववर्ष का आगमन हुआ लोगों ने आतिशबाजी करके उसका स्वागत किया। साथ ही एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
इस अवसर को मनाने के लिए मेंढर से कई युवा पर्यटक स्थलों पर गए। मेंढर वासियों विजय कुमार चंदन, विनोद कुमार, राकेश कुमार, युवराज सिंह, सर्वर मोहम्मद, रणवीर सिंह, और पंकज कुमार ने कहा कि हमने भगवान, वाहेगुरु से यही प्रार्थना की कि नया साल खुशियों से भरा हो और उन्नति का वर्ष हो। हम सभी भारत वर्ष में खुशी-खुशी जीवन व्यतीत करें। संवाद