सांबा। नवरात्र में धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनना शुरू हो जाती थी। राम नवमी पर भंडारे लगाए जाते थे, लेकिन इस बार ऐसा नहीं किया जा रहा है। कोरोना के मामलों में हो रही बढ़ोतरी के चलते धार्मिक स्थलों पर भी भीड़ कम करने के बारे में निर्णय लिया गया है। जिले के राजपुरा में स्थित ऐतिहासिक राम मंदिर में राम नवमी पर बड़ा यज्ञ किया जाता था। आसपास के गांवों के लोगों को निमंत्रण दिया जाता है। भंडारे का आयोजन किया जाता था। पुजारी भारत इंदु शर्मा ने बताया कि इस बार कोरोना के चलते प्रबंधकों ने भंडारा एवं मेला स्थगित कर दिया है। केवल रामायण का पाठ ही होगा, जिसमें पंडित ही मौजूद रहेंगे। यह सब कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए किया जा रहा है। उधर धार्मिक स्थल चीची माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं की कमी देखी गई। नवरात्र में श्रद्धालु घरों में ही पूजा अर्चना कर रहे हैं।
माता के भक्त घरों में कर रहे पूजा
विजयपुर। कोरोना के चलते नवरात्र पर माता के भक्त घरों में पूजा कर रहे हैं। माता के भक्त सुबह और शाम पूजा पाठ और आरती कर रहे हैं। सोमवार को सुषमा देवी, किरण, सीमा देवी आदि ने बताया कोरोना को देखते हुए घरों में ही पूजा अर्चना कर रहे हैं। कुछ लोग मंदिरों में जाकर मां के दरबार में माथा टेक रहे हैं। इन्होंने बताया कि नवरात्र पर माता रानी की पूजा करने से कष्ट दूर होते हैं। घर परिवार में सुख शांति रहती है। यही कारण है कि बड़े उत्साह के साथ माता रानी की पूजा अर्चना कर रहे हैं। कोरोना से निजात दिलाने के लिए कामना कर रहे हैं। संवाद