-मेले में लगे भंडारे में प्रसाद लेते बच्चे।
अरनिया। क्षेत्र के गांव व्यासपुर प्रलाह स्थित बाबा गुरु गोरखनाथ के देवस्थान पर मंगलवार को दो दिवसीय मेले का शुभारंभ किया गया। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर पूजा अर्चना की।
जिन लोगों की मन्नतें पूरी हुई थीं, उन्होंने विधि अनुसार बाबा गुरु गोरखनाथ के दरबार में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। गुरु गोरखनाथ देव स्थान कमेटी व्यासपुर के अध्यक्ष सिंदूर सिंह व उपाध्यक्ष भवानी शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लंगर का आयोजन किया है, जिसमें दूरदराज से आए श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया। दूसरी ओर बूंदाबांदी के बीच सुबह से ही देवस्थान के इर्द-गिर्द दुकानें सजना शुरू हो चुकी थीं। इसमें काफी संख्या में लोग खरीदारी करते हुए नजर आए। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले इत्यादि का बंदोबस्त भी किया गया।
मंगलवार शाम 8 बजे से बुधवार सुबह 5 बजे तक गुरु गोरखनाथ की महिमा का गुणगान किया जाएगा, इसमें धार्मिक गायक रमेश योगी शामिल होंगे। उसके अलावा बाबा के दरबार में बाबा सिद्ध गोरिया स्थान के महंत बाबा भोलानाथ और उनके साथ और भी साधु समाज से जुड़े लोग आएंगे। कहा, कोरोना के चलते दो साल के बाद मेले का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार कमेटी की तरफ से बाबा गुरु गोरखनाथ की जीवनी पर आधारित कारक का आयोजन भी किया जा रहा है। बुधवार को भी मेला सजा रहेगा। शाम को कबड्डी प्रतियोगिता कराई जाएगी।