जोशे सरहद के तहत जम्मू विश्वविद्यालय के विद्यार्थि रंगारंग कार्यक्रम पेश करते हुए
- फोटो : RSPURA
आरएस पुरा। जोशे सरहद कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) के विद्यार्थियों सहित स्टाफ सदस्यों ने भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ऑक्ट्राय पोस्ट पर पहुंचे। यहां उन्होंने सीमा देखने के साथ सरहद पर तैनात जवानों व अधिकारियों से रूबरू होकर उनके कामकाज पर बातचीत की।
इस दौरान विवि के विद्यार्थियों ने सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स को देखने के साथ ऑक्ट्राय पोस्ट के बारे में बीएसएफ के जवानों व अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विवि सहित विभिन्न डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर पंडाल में बैठे लोगों को मंत्रमुग्ध किया। देशभक्ति व डोगरी, पंजाबी गीत पर विद्यार्थियों द्वारा नृत्य कर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर क्लस्टर विवि के कुलपति प्रो. वेलहान लाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि जम्मू विवि के प्रो. उमेश राय व डीआईजी बीएसएफ जम्मू फ्रंटियर सुरजीत सिंह, 36 वीं वाहिनी के कमांडेंट अजय सूर्यवंशी, एसडीएम रामलाल शर्मा विशेष तौर पर मौजूद थे।
उप कुलपति प्रो. उमेश राय ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से जोश ए सरहद के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करने का मकसद सीमा पर तैनात प्रहरियों के कामकाज के बारे में जागरूक किया जा सके। वह किन हालात में वह सरहद की रक्षा कर अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज विवि के विद्यार्थियों व स्टाफ के सदस्यों ने दोनों देशों की सरहद को नजदीक से देखने के साथ जवानों के कामकाज के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को जानकारी मिली है कि देश के जवान किस प्रकार देश की सीमा की रक्षा कर है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ऑक्ट्राय पोस्ट पर रिट्रीट सेरेमनी हो रही, उससे यहां के लोगों को भी पर्यटकों के यहां पहुंचने पर रोजगार का साधन सृजित होंगे। बीएसएफ के जवानों ने परेड के दौरान पंडाल में बैठे लोगों ने भारत-माता के उद्घोष लगाए जाने के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।