ज्यौड़ियां। डिग्री कालेज खौड़ ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एनएसएस शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान कविता पाठ प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साह से भाग लिया। इस दिन का उद्देश्य दुनिया भर में महिलाओं की उपलब्धियों को उजागर करना है और समाज में लैंगिक भेदभाव के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना है।
यह महिलाओं के बीच अपना स्टैंड लेने और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ लड़ने के लिए आत्मविश्वास पैदा करना भी सुनिश्चित करता है। इस वर्ष की थीम है एक स्थायी कल के लिए आज लैंगिक समानता जो जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण और आपदा जोखिम में कमी के संदर्भ में लैंगिक समानता प्राप्त करने पर केंद्रित है। इस अवसर पर प्रो. तरसेम लाल ने प्रतिभागियों को महिलाओं के अधिकारों के बारे में जानकारी दी। प्रोअरुण शर्मा (इतिहास विभाग) ने वैदिक काल से लेकर वर्तमान समय तक भारत में महिलाओं की स्थिति में आए परिवर्तनों का पता लगाया। कार्यक्रम का आयोजन प्रोफेसर गुरविंदर कौर ने डॉ. कुलदीप राज शर्मा, प्रिंसिपल के कुशल मार्गदर्शन में किया। कार्यक्रम में छात्रों के साथ सभी फैकल्टी सदस्य भी शामिल हुए। संवाद
घरेलू हिंसा मिटाने में युवा पीढ़ी आगे आए
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता रैली निकाली गई
आरएस पुरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को डिग्री कालेज में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली जेंडर इक्वेलिटी टुडे फॉर ए सस्टेनेबल टुमॉरो विषय पर आधारित रही।
प्रो. जय माला ठाकुर ने कहा कि युवा पीढ़ी द्वारा घरेलू हिंसा, कन्या भ्रूण हत्या, निरक्षरता और लिंग पूर्वाग्रह की बुराइयों को मिटाना है। इसके लिए वह आगे आए। उन्होंने छात्राओं को समाज के समग्र विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति सचेत रहने के लिए प्रेरित किया। रैली में हिंदी विभाग के प्रमुख प्रो. बलवान सिंह भी शामिल हुए और उन्होंने ग्रामीणों को लैंगिक समानता और परिवारों और समाज में महिलाओं के महत्व के बारे में जागरूक किया। रैली में लगभग 50 छात्रों ने भाग लिया, हाथों में पोस्टर लेकर सरकारी डिग्री कालेज परिसर से मार्च निकाला जो कसबे में विभिन्न जगहों से होता हुआ वापस कालेज परिसर में संमपन हुआ। इस दौरान पोस्टरों के माध्यम से लिंग असमानता के लिए जिम्मेदार विभिन्न कारकों के बारे में जनता को जागरूक किया गया और लोगों से ऐसा माहौल बनाने के लिए कहा जहां महिलाओं को हर क्षेत्र में विकास के समान अवसर मिले।
इससे पूर्व प्राचार्य प्रो. सुनील उप्पल ने कहा कि महिलाओं को शिक्षित कर उन्हें सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने आगे पुरुष प्रधान समाज की सामंती मानसिकता को बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि महिलाओं को समान दर्जा और अवसर मिले। उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिलाएं पूरा समाज में एक हिस्सेदार है और हम सबको यह मानना होगा की महिलाओं का योगदान समाज को आगे बढ़ाने के लिए बहुत जरूरी है। रैली में प्रो संदीप कुमारी, बड़ी संख्या में फैकल्टी सदस्य शामिल रहे।
महिलाएं जरूरतमंद महिला के कल्याण के लिए कार्य करें
आरएस पुरा। नेशनल कांफ्रेंस की महिला नेता एवं समाजसेवी दलजीत शर्मा ने मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं के बीच अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया। गांव टांडा में आयोजित कार्यक्रम में दलजीत शर्मा ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी मुहैया कराई। कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं ने संकल्प लिया कि सब महिलाएं समाज की हर जरूरतमंद महिला के कल्याण के लिए कार्य करेंगी।
इस अवसर पर सरकार से भी यह मांग की कि संसद में महिला प्रतिनिधियों को पहुंचाने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण दे ताकि महिलाएं समाज को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा सकें।
जरूरतमंद विधवाओं को घरेलू सामान उपलब्ध कराया
परगवाल। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर चिनाब ब्रिगेड की परगवाल बटालियन ने मंगलवार को एक कार्यक्रम के तहत क्षेत्र की जरूरतमंद विधवाओं को उनके घर पहुंचकर घरेलू सामान उपलब्ध कराया। इस दौरान बटालियन के प्रतिनिधियों ने विधवाओं से बातचीत कर उनको पेश आने वाली मुश्किलों को जाना और आश्वासन दिया कि सेना उनको हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। इस दौरान विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। क्षेत्र के लोगों ने सेना के इस कदम की सराहना की। इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन गोपाल दास शर्मा भी मौजूद थे। संवाद
छात्रों और शिक्षकों ने विचार साझा किए
अखनूर। क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। हाई स्कूल अखनूर, सुनैल, नरडी, टांडा, सहित अन्य स्कूलों में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेडईओ नाजरीन अख्तर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने विचार साझा किए।
महिलाओं के समाज में योगदान, विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों, रसोईयों को उनकी बेहतर सेवाओं के लिए पुरस्कार दिए गए। जेडईओ ने मिड डे मील का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची। इस अवसर रीवा कोढ़ी, कमल किशोर वर्मा, केवल कृष्ण आदि मौजूद थे। संवाद
कोरोना काल में बेहतर सेवाएं देने पर महिला डॉक्टर व तहसीलदार सम्मनित
अरनिया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रवक्ता राकेश पंत द्वारा तहसीलदार अरनिया मैडम पुनिका व चकित्सा अधिकारी अरनिया डॉक्टर साक्षी गुप्ता को सम्मनित किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में महिलाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सेवा की। ऐसी महिलाओं को चिह्नित करके उन्हें सम्मानित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के साथ-साथ महिला सशक्तीकरण दिवस भी है। भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिये वचनबद्ध है। संवाद
कांग्रेस ने महिलाओं को सम्मानित किया
बिश्नाह। कांग्रेस पार्टी कार्यालय में मंगलवार को महिला दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस नेता सुदेश पुरी ने की। कहा कि आज मैं महिला दिवस पर सभी को बधाई देती हूं। मैं कहना चाहती हूं कि उनका लक्ष्य होना चाहिए कि उनकी समाज में एक पहचान बने। इसके लिए उन्हें दिन रात मेहनत करनी चाहिए। आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपना नाम आगे बढ़ा रही हैं। इसी को देखते हुए मैं भी आप उम्मीद करती हूं कि आप भी अपना काम अच्छे तरीके से करें। इस मौके पर विमला देवी, गीता देवी, रेनू देवी भी मौजूद रहीं। संवाद