आरएस पुरा /मीरां साहिब। पुत्रों की लंबी आयु के लिए मनाए जाने वाले बच्छ दुआ का त्योहार श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। महिलाओं ने पुत्रों की लंबी आयु के लिए पूजा अर्चना की और भगवान से कामना करते हुए कहा कि उनके पुत्रों पर आशीर्वाद बना रहे।
कस्बे के श्रीराधा कृष्ण मंदिर में काफी संख्या में महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। महंत राजेश बिट्टू ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के चार दिन के बाद बच्छ दुआ त्योहार श्रद्धा पूर्वक मनाया जाता है। इस दिन माताएं व्रत रखकर पुत्रों की लंबी आयु की प्रार्थना करती हैं। इस दिन लोग गाय एवं बछड़ों की पूजा भी करते हैं। हिंदू धर्म में इस पर्व को अहम माना जाता है। मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए दूर-दूर से महिलाएं पहुंचती हैं। यहां विशेष पूजा अर्चना करते हुए बेटों की दीर्घायु की कामना की है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद माता यशोदा ने इसी दिन गोमाता का दर्शन और पूजन किया था। इसके बाद गो माता को स्वयं भगवान कृष्ण नंगे पांव जंगल में दर्शन दिए थे। शास्त्रों में कहा गया है सब योनियों में मनुष्य योनि श्रेष्ठ है। यह इसलिए कहा कि वह गोमाता की निर्मल छाया में अपने जीवन को धन्य कर सकें। गो माता कि पीठ में ब्रह्म का वास है। गले में विष्णु का, मुख में रुद्र, मध्य में समस्त देवताओं सहित अन्य कई हिस्सों में देवी देवताओं का वास है। इसीलिए इसी दिन महिलाएं भ्भी अपने बेटों की सलामती को लेकर व्रत रखती हैं।
वत्स द्वादशी का पर्व धूमधाम से मनाया गया
बाड़ी ब्राह्मणा। कस्बे में वत्स द्वादशी का पर्व धूमधाम से महिलाओं ने मनाया। इस मौके पर नहर के किनारे महिलाओं ने गाय और बछड़े की पूजा करने के साथ-साथ अपने वंश की लंबी आयु के लिए कामना की। अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर महिलाओं ने कई तरह के पकवान मिठाइयां और अन्य सामग्री साथ लेकर नहर के किनारे पूजा अर्चना के साथ लोगों में वितरित की। इस मौके पर बाड़ी ब्राह्मणा कस्बे में जगह-जगह पर इस पर्व को मनाया गया। संवाद
श्रद्धा भाव व पारंपरिक तरीके से मनाया गया बच्छ दुआ का पर्व
विजयपुर। क्षेत्र में बच्छ दुआ का पर्व श्रद्धा भाव व पारंपरिक तरीके से मनाया गया। कस्बे के मंदिरों में भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं ने व्रत रख कर पुत्रों की लंबी आयु और शांति की कामना की। व्रत के बाद महिलाओं ने घरों में गुड़ और आटे की रोटियां बनाई। भीगे चने, मीठी रोटियां तथा फल लेकर महिलाओं ने मंदिरों में बच्छ दुआ की पूजा की। शुक्रवार सुबह से ही विजयपुर व अन्य मंदिरों तालाब के किनारे महिलाओं का तांता लगना शुरू हो गया। संवाद
महिलाओं ने बच्छ दुआ पर्व धूमधाम से मनाया
सांबा। जिले भर में बच्छ दुआ पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। महिलाओं ने उपवास रखकर बेटों की सलामती मांगी। महिला रेवा, संतोष, विमला, तारो आदि ने बताया कि बच्छ दुआ पर्व श्रद्धा भाव व पारंपरिक तरीके से मनाया गया। इस दौरान जिले के मंदिरों में भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं ने उपवास रख कर पुत्रों की लंबी आयु और शांति की कामना की। उपवास रखने के बाद महिलाओं ने घरों में गुढ़ और आटे की मीठी रोटियां बनाई। भीगे चने, मीठी रोटियां तथा फल लेकर महिलाओं ने मंदिरों में बच्छ दुआ की पूजा की। पानी के किनारे पर भी महिलाओं ने पूजा की। संवाद