अखनूर। बडूई गांव में रविवार को सैकड़ों श्रद्धालु अपने कुल देवताओं के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंचे।
बडूई गांव में उप्पल बिरादरी ने अपने कुलदेव बाबा मेईमल्ल के देवस्थान पर खारका अर्पित किया।
वहीं बडूई के पेजा गांव में काई राजा की वार्षिक मेल संपन्न हुई, जहां श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर माथा टेका और अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा बडूई मोड़ पर स्थित बाबा कालीवीर के मंदिर में मगोत्रा बिरादरी की ओर से अर्धवार्षिक मेल का आयोजन किया गया। इस मौके पर सुबह हवन यज्ञ और सामूहिक पूजा-अर्चना की गई। दोपहर को भंडारा आयोजित किया गया। बाबा कालीवीर के मंदिर में आस्था रखने वाले श्रद्धालु पंजाब, जम्मू और अन्य क्षेत्रों से यहां पहुंचे और आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्थानीय रोहित मगोत्रा के अनुसार बडूई गांव में विभिन्न बिरादरियों के कुल देवताओं के देवस्थान प्राचीन काल से स्थापित हैं। यहां सालभर विभिन्न धार्मिक मेलों और उत्सवों का आयोजन होता है, जो न सिर्फ आस्था का केंद्र होते हैं बल्कि सामाजिक एकता और विरासत को भी मजबूती देते हैं।