अखनूर। सत्यवती बुआ तृप्ता का वार्षिक मेला सोमवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत कर बुआ तृप्ता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक मोहन लाल ने भी देवस्थान पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मेले में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए, जिससे उनमें विशेष उत्साह देखा गया। वहीं श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न खरीदारी की दुकानें भी सजाई गई थीं, जहां परंपरागत वस्त्र, धार्मिक प्रतीक, मिठाइयां और सजावटी सामान की खरीदारी की गई। मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। तहसीलदार नरेश कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया गया।
600 वर्ष पुरानी परंपरा का प्रतीक है मेला
बुआ तृप्ता मेला 600 वर्ष पुरानी परंपरा का प्रतीक है। इसका ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व है। लोक मान्यता के अनुसार, यह मेला पवार राजा जगदेव सिंह से जुड़ा हुआ है, जिनकी कुल देवी बुआ तृप्ता थीं। उनकी स्मृति में यह मेला हर वर्ष चैत्र नवरात्रों के दौरान आयोजित किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि बुआ तृप्ता के सती होने के बाद उनकी कृपा और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए 22 विभिन्न जातियों के लोग इस मेले में शामिल होते हैं।
इस माैके पर मुल्तान सिंह, जगदीश सिंह, नीरज शर्मा, मंगेश शर्मा, जयपाल, देव राज, अजय, आयुष, अनिल शर्मा, विशाल सपोलिया, सोहन लाल, सोनिया वर्मा, दीपक शर्मा, पवन सिंह, रोहित कुमार, रमन शर्मा आदि गणमान्य व्यक्ति मुख्य रूप से मौजूद रहे।