शहीद रंजीत सिंह को श्रद्धांजलि देते एसडीएम खौड़ तथा अन्य लोग
ज्यौड़ियां। उदयपुर जिले के लापरी गूल क्षेत्र में आतंकियों से लोहा लेते शहीद हुए खौड़ के रंजीत सिंह चिब का शहीदी दिवस मंगलवार को मनाया गया। इस अवसर पर एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ज्यौड़ियां-खौड़ मुख्य मार्ग पर गांव खौड़ कैंप के पास बनाई गई शहीद के स्मृति स्थान पर परिजनों की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। शहीद रंजीत सिंह चिब सेना की 14 डोगरा में थे। शहादत के समय वह 31 आरआर में तैनात थे। 15 दिसंबर 2005 को उधमपुर जिले के लापरी (गूल) में आतंकियों से लोहा लेते हुए वह शहीद हो गए। तभी से उनका शहीदी दिवस मनाया जाता है। एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर तथा अन्य लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर राष्ट्रगान गाया। एसडीएम ने बताया कि देश की रक्षा करने वाले शहीदों का देश हर समय ऋणी रहेगा। शहीदी दिवस पर उन्हें याद करना सभी देश वासियों का कर्तव्य है। इस मौके पर शहीद की माता-पिता सहित कई रिश्तेदार मौजूद रहे। माता की आंखें बेटे की याद में नम थीं।