अखनूर में जियो पोता घाट पर शिव मंदिर के विस्तार के लिए भूमि पूजन करते एसडीएम।
अखनूर। कस्बे के चिनाब दरिया की जियो पोता घाट पर शिव मंदिर के विस्तार हेतु निर्माण कार्य पर बने विवाद के बीच एसडीएम ने मंदिर परिसर के लिए भूमि पूजन किया। हालांकि इसके विरोध कई संगठन आ गए हैं।
कस्बे के चिनाब दरिया घाट के जियो पोता घाट पर महाराजा गुलाब सिंह के राजतिलक स्थान के पास शिव मंदिर के विस्तार के लिए निर्माण कार्य शुरू करने पर कई संगठनों ने विरोध किया। म्यूनिसिपल कमेटी के अधिकारियों ने मंगलवार को मौके पर हो रहे कार्य को रोक दिया। इससे निर्माण करा रहे सदस्यों में रोष व्याप्त हो गया। दूसरी ओर राजतिलक सेलिब्रेशन कमेटी सहित अन्य कई संगठन भी मंदिर निर्माण कार्य के विरोध में आ गए। एसडीएम, एसडीपीओ के समक्ष राजतिलक स्थल के पास आपत्ति दर्ज कराई।
बुधवार को एसडीएम गोपाल सिंह ने मौके का जायजा लिया। मौके पर मंदिर का निर्माण कर रहे सदस्यों से एसडीएम ने पूरी जानकारी ली। इस पर शिव मंदिर का विस्तार करने पर श्रद्धालुओं को भगवान शिव के दर्शन करने में आसानी होगी। एसडीएम ने मंदिर विस्तार निर्माण के लिए पंडितों ने मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन करके मंदिर निर्माण कार्य शुरू कराया। निर्माण कार्य शुरू कराने वाले सदस्यों ने कहा कि आप शिव मंदिर में सैकड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है। पूजा स्थल के लिए जगह कम हो रही थी। जबकि राजतिलक स्थान इससे काफी दूरी है। इस का विरोध करना ठीक नहीं है।
दूसरी तरफ महाराजा गुलाब सिंह राजतिलक सेलिब्रशन कमेटी के चेयरमैन केपी सिंह ने निर्माण का विरोध करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर राज्य की स्थापना इस स्थान से हुई है, जिस पर इस ऐतिहासिक जगह के आसपास किसी प्रकार का निर्माण नहीं करना चाहिए। स्थल का महत्व कम हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्दी तक इस स्थल की पहचान रहेगी। प्रशासन को चाहिए इस स्थल के आसपास किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने दे।
----
शिवमंदिर का विस्तार करने के लिए कुछ लोगों ने निर्माण कार्य शुरू किया है। जबकि राजतिलक स्थल इससे दूर है। इसके मध्य भूमि पूजन भी किया गया। लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ मामला है। कुछ लोगों को इसका विरोध नहीं करना चाहिए।
-गोपाल सिंह, एसडीएम