विजयपुर। इस समय लॉकडाउन चल रहा है। दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन के अधिकारी लोगों को घरों में रहने के लिए कह रहे हैं। उसके बावजूद भी कुछ पुलिस अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। क्योंकि जब पुलिस अधिकारी का तबादला एक जिले से दूसरे जिले में हो जाता है, तो उसको इस लॉकडाउन में कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ जाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश के बाद लॉकडाउन का कड़ा पालन किया जा रहा है। हर आने जाने वाले पर पूरी नजर रखी जा रही है। ताकि कोरोना पर विजय पाई जा सके।
डुग्गर मंच के प्रधान मोहन सिंह, समाजसेवी पंकज सलाथिया, सरपंच रामपाल शर्मा, विजय कुमार बाबा, कांग्रेस सेवादल के सांबा जिला प्रधान राजकुमार भगत, पार्षद राजन शर्मा आदि ने कहा कि जब तक कोरोना का प्रकोप कम नहीं होता, तब तक स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, बिजली विभाग, जलशक्ति विभाग आदि में किसी का ट्रांसफर नहीं किया जाए। क्योंकि जब इन अधिकारियों की ट्रांसफर हो जाती है तो अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी इस परेशानी का सामना करना पड़ता है। गणमान्य लोगों ने उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू से मांग की है कि इस ओर ध्यान दिया जाए ताकि इस लॉकडाउन में किसी को भी किसी किस्म की परेशानी का सामना न करना पड़े।