जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग में शुक्रवार को डॉ. राम नारायण शुक्ल का स्मृति दिवस मनाया गया। इस मौके पर उनके नाम पर साइट का भी शुभारंभ किया गया। हिंदी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रखर जनवादी लेखक एवं सांस्कृतिक कर्मी डॉ. राम नारायण शुक्ल के नाम पर वेबसाइट शुरू की गई। इस साइट पर लेखक का साहित्य उपलब्ध है, जिसे पाठक आसानी से पढ़ सकते हैं। विभाग के सह आचार्य डॉ. शशांक शुक्ल ने कहा कि राम नारायण शुक्ल जैसा बनना आसान नहीं है।
विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अरविंद कुमार यादव ने कहा कि राम नारायण शुक्ल कुशल और उदार व्यक्तित्व के आचार्य थे। उनकी गणना हिंदी के प्रगतिशील परंपरा के साहित्यकारों में की जाती है। डॉ. विनय कुमार शुक्ल ने कुछ संस्मरण साझा किए। शोधार्थी मनीष कुमार ने भी विचार रखे। मौके पर विभाग के शिक्षक डॉ. रत्नेश कुमार यादव, डॉ. वंदना शर्मा, शोधार्थी संजीव कुमार, कमलदीप सिंह, आर आशा, सुमन, पूजा कुमारी उपस्थित रहे।