अर्धसैनिक बलों में सीआरपीएफ को एक बार फिर सबसे अधिक अवार्ड प्राप्त हुए। सीआरपीएफ ने 44 गैलेंटरी मेडल, जिसमें एक राष्ट्रपति पुलिस मेडल फार गैलेंटरी, 43 पुलिस मेडल हासिल किए।
राष्ट्रपति पुलिस मेडल 23 बटालियन के गुलाम नबी भट को गैलेंटरी अवार्ड उनकी कर्त्तव्य निष्ठा पर दिया गया। उन्होंने श्रीनगर सौरा में आतंकियों से लोहा लेते हुए दो आतंकियों को मार गिराया। आतंकी 13 अप्रैल, 2014 को एक घर में छिपे हुए थे और घर के लोगों को बंदी बनाकर रखा था।
जम्मू कश्मीर में तीन गैलेंटरी अवार्ड दिए गए, जबकि नक्सलवाद क्षेत्रों में तैनात सीआरपीएफ को 41 मेडल दिए गए। जम्मू सेक्टर में 38वीं बटालियन के कमांडेंट रणबीर सिंह (सेवानिवृत्त), सुनील कुमार मिश्रा कमांडेंट छठी बटालियन, स्वर्ण सिंह सेकेंड इन कमान, हीरानगर रेंज के सेकेंड इन कमान मुकेश त्यागी, इंस्पेक्टर बलबीर सिंह को राष्ट्रपति पुलिस मेडल प्रदान किया गया।
जम्मू सेक्टर हेडक्वार्टर में तैनात स्वर्ण सिंह ने 30 साल की नौकरी में जम्मू कश्मीर, उत्तरी पूर्वी राज्य, छत्तीसगढ़, पंजाब में आतंकवाद, नक्सल और आतंकियों के खिलाफ काम किया। त्यागी ने जम्मू कश्मीर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड में काफी काम किया।
जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनावों में बेहतर काम करने के लिए उन्हें मेडल दिया गया। सुनील कुमार मिश्रा कटड़ा रियासी यूनिट में तैनात हैं। उन्हें उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस मेडल दिया गया।