तवी नदी में सोमवार की शाम अचानक पानी बढ़ने लगा। तीन किशोर इसकी चपेट में आ गए। पानी के बहाव में फंसे एक किशोर ने जल्दबाजी करते हुए निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह नदी की तेज धार में बह गया। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
इसके बाद जेकेपी, स्टेट डिजास्टर रेस्क्यू फोर्स, नेशनल डिजास्टर रेस्क्यू फोर्स और सेना को भी मौके पर बुलाया गया। पानी का बहाव धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा था, जिसके चलते बाकी के दो किशोरों को बाहर निकाला मुश्किल होता गया। देर रात एक बजे तक सभी टीमें किशोरों को पानी से बाहर निकालने का प्रयास करती रहीं।
जानकारी के मुताबिक शाम चार बजे के आसपास तवी में तीन बच्चों के फंसने की खबर पुलिस को मिली। कनाल चौकी से सुखबीर सिंह अपनी टीम के साथ बच्चों को निकालने पहुंचे, लेकिन एक किशोर पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस की ओर से एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया। इनके सदस्य तवी पुल से नीचे उतरे और किशोरों को बचाने के प्रयास में जुट गए।
स्थिति चिंताजनक होने से बाद में सेना को बुलाया गया, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने से सेना के जवानों को भी बचाव अभियान चलाने में मुश्किलें आ रही थीं। बताया जा रहा है कि किशोर मछली पकड़ने के लिए तवी नदी में पहले भी आते रहे थे। पानी का स्तर अचानक बढ़ने से वे इसकी चपेट में आ गए।