नेशनल हाईवे बजालता के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार को अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें बैठे दो युवकों में से एक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने इसे लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक राहुल रैना राजोरी जिले के सुंदरबनी, सरी सयाल का रहने वाला था। घायल युवक आशीष गुप्ता रिहाड़ी का रहने वाला है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे हुआ।
दोनों युवक कार सड़क किनारे खड़ी कर भीतर बैठे हुए थे। तभी पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने वहां किसी अन्य के न होने का लाभ उठाया और फरार हो गया।
कुछ देर राह चलते किसी अन्य वाहन चालक ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तक ट्रक चालक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिवार वालों को सौंप दिया गया है।