श्रीनगर से लौटे यूके के रहने वाले एक पर्यटक के पासपोर्ट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का बैग बस स्टैंड से चोरी हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी बैग का कोई अता-पता नहीं चला। जानकारी के अनुसार यूके के रहने वाले लुईस पिछले एक हफ्ते से कश्मीर में थे।
वह कश्मीर में घूमने के बाद शनिवार को जम्मू पहुंचे। यहां उन्होंने पठानकोट की बस पकड़नी थी। वह बस स्टैंड पहुंचे ही थे कि उनका एक बैग किसी ने चोरी कर लिया। इससे पहले कि कुछ पता चलता, चोर बैग उड़ा ले गए। लुईस ने इसकी शिकायत बस स्टैंड पुलिस को दी।
बस स्टैंड के थाना प्रभारी भारत भूषण मन्हास ने बताया कि लुईस के बैग में एक लैपटाप, पासपोर्ट, वीजा कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज थे। पुलिस इसकी जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
लुईस ने पुलिस को बताया कि वह श्रीनगर के बाद हिमाचल प्रदेश में घूमने के लिए जाने वाला था। वह अब अपने देश जाने के लिए भी परेशान है, क्योंकि उसका पासपोर्ट और वीजा चोरी हो गया है। बैग में नकदी भी थी।