एक सप्ताह पहले बस स्टैंड में स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट की बस में बैग चोरी करने वाले चोरों को पुलिस ने कुलगाम से पकड़ लिया है। सोमवार की देर रात दोनों को जम्मू स्थित बस स्टैंड थाने लाया गया। आरोपियों को सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से पहचाना गया था। आरोपियों ने बस स्टैंड और शालामार स्थित एटीएम से एक लाख रुपये भी निकाले थे।
बस स्टैंड पुलिस के मुताबिक देनीकुंडी तहसील दमाल हांजीपोरा कुलगाम निवासी शब्बीर अहमद और उसके साथी एजाज अहमद को कुलगाम स्थित उनके घर से पकड़ा है। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने जाल बिछा रखा था।
चार अगस्त को दोनों ने बस स्टैंड में खड़ी एसआरटीसी की बस से बैग चुराया था। बैग हीरानगर (कठुआ) में तैनात पीएचई के एईई गुरदीप सिंह का था। बैग में एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड, बेटी का पासपोर्ट तथा अन्य दस्तावेज थे।
उन्होंने पांच अगस्त को बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज करवाई। बैग में बेटी के जर्मनी के बैंक अकाउंट के कार्ड और दस्तावेज भी थे। बैंक खाते में 13-14 लाख रुपये बताए जा रहे हैं, जिसमें से चोरों बस स्टैंड और शालामार के एटीएम से एक लाख रुपये निकाल लिए।
पैसे निकालने के बाद मोबाइल पर मैसेज आ गया। इसी को आधार बनाकर पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज निकाले और प्रिंट लेकर तलाश शुरू कर दी। दोनों आरोपियों का ठिकाना पता लगने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया।