जम्मू के गांधीनगर थाना अंतर्गत शुक्रवार को यूनिवर्सिटी रोड पर एक तेज रफ्तार मेटाडोर ने खड़ी मेटाडोर को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक मेटाडोर पर सवार कुछ सवारियां घायल हो र्गईं। चालक मेटाडोर छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। घायलों को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मेटाडोर को सीज कर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। जानकारी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी से सवारियां लेने के लिए एक मेटाडोर पहले से खड़ी थी, तभी पीछे से तेज रफ्तार आई एक मेटाडोर ने खड़ी मेटाडोर को टक्कर मार दी। इस हादसे में खड़ी मेटाडोर की सवारियां घायल हो गईं।
इनमें बाहु फोर्ट निवासी चंचला देवी (55), यूनिवर्सिटी के होस्टल में रहने वाली जसमीन कौर (25) और कठुआ निवासी विपिन सिंह (22) शामिल हैं। मेटाडोर का पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। टक्कर मारने वाला मेटाडोर चालक मौका पाते ही फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।