शहर में अलग-अलग मामलों में तीन लोगों की मौत हो गई। एक अज्ञात युवक का शव पौनी चक्क तवी किनारे मिला है। वहीं आग की चपेट में आकर झुलसे दो लोगों ने इलाज के दौरान जीएमसी में दम तोड़ दिया। संबंधित थानों की पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह भेज दिया है। इसके साथ ही मामलों में जांच पड़ताल भी शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में भगतपुर, तवी नदी के किनारे पौनी चक्क इलाके में मंगलवार को एक युवक का शव बरामद हुआ। युवक की कोई पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस ने युवक के शव की पहचान होने तक 72 घंटे के लिए जीएमसी के शवगृह में रखवा दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली कि तवी किनारे एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की थी, आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान करवाई, लेकिन स्थानीय लोग मृतक की पहचान नहीं कर सके। युवक की उम्र 22 साल के करीब बताई जा रही है। फिलहाल मामले में जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरे मामले में पंद्रह मार्च को कुंजवानी में एक घर में स्टोव फटने से इलाका निवासी सुनील कुमार (30) आग की चपेट में आ गया था। परिवार के लोगों ने सुनील को जीएमसी में भर्ती करवाया गया था। डाक्टरों के मुताबिक, सुनील का शरीर 70 फीसदी जल गया था। 17 मार्च को सुनील ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
तीसरा मामला नवाबाद थाना अंतर्गत तालाब तिल्लो गोल पुली में पंद्रह मार्च को हुआ था। यहां इलाके में रहने वाला रवि कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गया था। इससे उसका शरीर सौ फीसदी झुलस गया था। डाक्टरों के मुताबिक, पहले दिन से रवि की हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। रवि ने 17 मार्च को इलाज के दौरान जीएमसी में दम तोड़ दिया।