सरवाल के सुभाष नगर इलाके में एक मंदिर में चोरों ने सेंध मार कर हजारों रुपये नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। विरोध में स्थानीय महिलाओं ने सरवाल पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के चलते चोरी हुई, क्योंकि मंदिर के बिल्कुल पास में पुलिस चौकी है। बावजूद इसके चोरी हो गई। बाद में बख्शी नगर पुलिस
स्टेशन के एसएचओ ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरों को दबोचा जाएगा। जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात को चोरों ने मंदिर में घुसकर दानपात्र से पैसे चुरा लिए। साथ ही चांदी और सोने के छत्र चुरा लिए।
सुबह जब लोग मंदिर में पूजा अर्चना करने पहुंचे तो देखा कि चोरों ने सेंध लगा दी थी। दरअसल, मंदिर के साथ एक बड़ा पेड़ है। इसके ऊपर चढ़कर चोर मंदिर के अंदर घुसे, क्योंकि चोरों को मालूम था कि मंदिर के गेट के सामने पुलिस की गश्त है। इसलिए पेड़ का सहारा लेकर चोर अंदर घुसे।
चोरी की घटना से गुस्साई स्थानीय महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। महिलाओं का कहना है कि पुलिस चौकी के पास होने के बावजूद चोरों ने मंदिर में चोरी की। एसएचओ बख्शी नगर अश्विनी कुमार का कहना है कि पुलिस ने एफएसएल की मदद से मौके से जरूरी सबूत एकत्र किए हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।