गांधीनगर थाना के अंतर्गत गुज्जर पुल के नजदीक जम्मू यूनिवर्सिटी के पीछे की ओर तवी नदी किनारे पर मंगलवार की सुबह एक युवती का शव मिला है, जिसकी कोई पहचान नहीं हो पाई है, शव बुरी तरह से सड़-गल गया है।
इस तरह का शव मिलने से इलाके में भी सनसनी फैल गई। लोगों के बताने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है।
पुलिस ने इस संबंध में धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके के लोगों को बुलाकर युवती की शिनाख्त करवानी चाही, लेकिन कोई भी उसे पहचान नहीं पाया है। शव काफी बदबू मार रहा है। शव के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि तवी नदी में शव बहकर वहां तक पहुंचा हो सकता है या उसके साथ कोई घटना हुई और उसके बाद उसे तवी नदी में फेंक दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले में छानबीन करने में जुट गई है।
इसके साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पुख्ता जानकारी देने की बात कर रही है। युवती का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। नेहरू मार्केट पुलिस ने इस बारे में एफआईआर दर्ज कर ली है। फोटो खींचकर पुलिस चौकियों और थानों में भेज दी गई है।