चौबीस घंटे से लापता डाक्टर का शव होटल के कमरे से बरामद हुआ है। दोनों हाथों में ड्रिप सेट, पास ही खाली पड़ी बेहोशी की दवा वाली दस शीशियां और सुसाइड नोट के मजमून से मामला प्रेमिका द्वारा धोखा दिए जाने से हताश होकर आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेजकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में घगवाल, सांबा के रहने वाले डा. प्रदीप कुमार ने कोलकाता की युवती (महिला डाक्टर) द्वारा प्रेम में धोखा देने की बात का जिक्र किया और यह लिखा था कि प्रेमिका ने उन्हें सगाई तोड़ने की बात कही थी, जिसके कहने पर उन्होंने सगाई भी तोड़ दी थी, लेकिन बाद में प्रेमिका ने शादी से इनकार कर दिया।
डा. प्रदीप कोलकाता में यूरोलॉजी में स्पेशलिस्ट की ट्रेनिंग कर रहे थे और कुछ दिन पहले ही घगवाल आए थे। 24 मई की रात को दिल्ली के लिए ट्रेन थी और आगे कोलकाता जाना था। इसके लिए 22 मई को ही डा. प्रदीप जम्मू पहुंच गए थे। जम्मू आकर वह बख्शीनगर के पीआर होटल में ठहरे। यहां उनका मोबाइल बंद हो गया।
घगवाल से डा. प्रदीप के जीजा अपने दोस्त के साथ उन्हें ढूंढते हुए जम्मू पहुंचे। मोबाइल की लोकेशन बख्शीनगर थी, जिसके चलते वह बख्शीनगर पुलिस के पास गए। उन्हें सारी बात बताई तो पुलिस ने इलाके के होटलों में सर्च आपरेशन चलाया, तब डा. प्रदीप के बख्शीनगर के पीआर होटल में ठहरने की पुष्टि हुई।
वहां कमरा नंबर 205 में जाकर देखा तो प्रदीप मृत मिले। उनके हाथों में दो ड्रिप सेट लगे थे और पास में बेहोशी के दस खाली इंजेक्शन पड़े थे और सुसाइड नोट भी मिला था। जिसे पढ़ने के बाद सारा माजरा समझ में आ गया।