गांव सनूरा में संदिग्ध हाल में भानू प्रताप उर्फ सन्नी की हुई मौत पर परिवार का कहना है कि उनके बेटे की करंट लगने से मौत नहीं हुई, बल्कि उसकी हत्या की गई है। वारदात की रात मौके पर मौजूद मृतक की छह वर्षीय बेटी ने दादा और अन्य को बताया कि उसके पापा की पिटाई की गई थी।
सन्नी के पिता जगदीश सिंह संब्याल निवासी कैहली मंडी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सन्नी गत 25 जुलाई को साली के घर सनूरा गया था। उसके साथ उसकी बीबी मधु और दोनों बच्चे थे।
वहीं 27 जुलाई की रात को लगभग ढाई बजे परिवार को फोन पर बताया गया कि सन्नी की करंट लगने से मौत हो गई है। शव को जिला अस्पताल सांबा लाया गया है।
28 तारीख को वह शव का संस्कार करने जा रहे थे कि सन्नी की छह वर्षीय बेटी ने किसी महिला को बताया कि उसके पापा को उसकी मम्मी, मासी सहित अन्य लोगों ने मारा है।
इस पर घगवाल थाने को सूचित किया गया। बच्ची के बयान भी दर्ज किए गए। परिवार ने बताया कि उनके बेटे की शादी 2007 में मियेंचक (बिश्नाह) की मधु से हुई थी।
शादी के थोड़े ही दिनों बाद उसकी बीवी घर से उसे साथ ले गई। फिर वह बिश्नाह में किराये पर रहने लगी। सन्नी मिनी बस कंडक्टर का काम करता था। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच अनबन भी रहती थी।
सास के मरने के बाद सन्नी ससुराल में रहने लगा था। परिवार ने हत्या के आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। इस संबंध में घगवाल थाना प्रभारी अनु शर्मा ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।