19 वर्षीय द्रास की रहने वाली युवती ने कंगन में उसके साथ तीन साल तक दो से पांच लोगों द्वारा रेप करने का खुलासा किया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके एक महिला और तीन युवकों को गिरफ्तार भी कर लिया है। युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार द्रास की रहने वाली 19 वर्षीय युवती ने पुलिस और दो जजों के सामने दक्षिणी कश्मीर में उसके साथ तीन साल तक लगातार रेप करने का खुलासा किया है। युवती के मुताबिक दो से पांच लोग रोज उसके साथ रेप करते थे। युवती ने बताया कि एक महिला ने उसे गोद लिया था, जिसके बाद गांदरबल जिले के कंगन इलाके में दो से पांच लोग रोजाना उसके साथ जबरदस्ती रेप करते थे।
पुलिस ने मामला दर्ज करके महिला और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक कांग्रेस का नेता भी है। काजीगुंड हाइवे पर स्थित गेस्ट हाउस में पुलिस ने रेड डालकर शब्बीर अहमद डार, शेख सरवार और इम्तियाज खान निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक युवती का मेडिकल कराने के बाद इस बात की पुष्टि हो गई है कि तीनों आरोपियों ने युवती के साथ रेप किया है।
एसएसपी कुलगाम मोहम्मद इरशाद ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती अपनी उम्र 17 वर्ष बता रही है। उन्होंने कहा कि युवती की उम्र के बारे में जांचा जा रहा है। युवती ने बताया कि नाबालिग होने के बावजूद उसे सेक्स वर्कर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। एसएसपी कुलगाम ने बताया कि युवती ने अपने बयान में बताया है कि उसके साथ कंगन और दूसरे इलाकों में तीन साल तक रेप हुआ है।
सेक्स रैकेट चलाने का केस दर्ज
युवती से किया तीन साल तक रेप
- फोटो : Demo. Pic.
एक आरोपी शेख सरवार के बेटे शेख अजान ने कहा है कि इस पूरे मामले में सिर्फ शब्बीर अहमद डार ही शामिल हैं, जबकि शेख सरवार और इम्तियाज खान ने शब्बीर अहमद और युवती को आल्टो कार से सिर्फ लिफ्ट दी थी। चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट काजीगुंड के उपस्थित नहीं होने पर सीजेएम कुलगाम ने युवती के बयान दर्ज किए।
युवती ने अपने बयान में बताया कि कंगन की एक महिला ने उसे गोद लिया था। जिसके बाद उसने उसे अपने घर कंगन एरिया के वंगत, नरननाग में रखा और कुपवाड़ा के एक युवक से उसकी शादी कराई। युवती ने बताया कि महिला की अपनी बेटी भी इस सेेक्स रैकेट में शामिल थी, ऐसे ही उसपर भी शामिल होने का दबाव बनाया गया।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि युवती को कारगिल में उसके पिता के सुपुर्द कर दिया है। कोर्ट ने पिता को निर्देश दिया है कि उसकी दूसरी पत्नी युवती के साथ दुर्व्यवहार नहीं करे।
कंगन पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ सेक्स रैकेट चलाने का केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच में जुट गई है। एसपी गंदरबल इम्तियाज ने कहा है कि अगर महिला की बेटी और दूसरे युवक भी इस मामले में सामने आए तो उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
युवती ने अपने बयान में बताया है कि वह अपने पिता के साथ द्रास में रह रही थी। पिता ने दूसरे शादी कर ली और वो कारगिल में रहने लगे। सौतेली मां युवती के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करती थी। जिसके बाद वह घर छोड़कर चली गई और करीब एक साल तक एक श्रीनगर के एक डॉक्टर के घर पर रही। एक दिन उसके पिता उसे मिले और उसे दोबारा कारगिल ले गए, लेकिन दोबारा वह घर छोड़कर चली गई।
श्रीनगर में डलगेट पर पहुंचकर उसने ऑटो रिक्शा वाले को बेमिना जाने के लिए कहा, लेकिन वो उसे कंगन ले गया और महिला के सुपुर्द कर दिया। शुरूआत में महिला ने उसे गोद ले लिया लेकिन बाद में उसे सेक्स रैकेट में शामिल होने का दबाव बनाया जाने लगा।
मई के शुरूआती दिनों में युवती अपने बालों की ट्रिमिंग कराने के लिए एक बार फिर डल गेट पहुंची। जहां पर ब्यूटी पार्लर के ऑनर शब्बीर ने उसके सामने लंबा बिल थमा दिया और उससे शादी करने का दबाव बनाने लगा। जिसके बाद वह उसे काजीगुंड ले गया और अपने दो और साथियों के साथ एक गेस्ट हाउस में रेप करने लगा।