शहर में भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में सीसीटीवी फुटेज जुटाने में पुलिस दुकानदारों का सहारा लेगी। पुलिस दुकानदारों से कहेगी कि वह अपनी दुकानों और कारोबारी इकाइयों में लगाए गए कैमरों को भीतर परिसर के अलावा बाहरी तरफ भी मोड़ कर रखें, ताकि शरारती तत्वों पर नजर रखी जा सके।
ऐसा सिर्फ सहयोग के लिए हो, कोई जबरदस्ती नहीं। दरअसल, शहर में पुलिस की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में कई खराब हैं। कई नई लोकेशन ऐसी हैं, जहां पर इनकी जरूरत है, लेकिन फंड के अभाव में इनको नहीं लगाया जा रहा। एसएसपी सुनील गुप्ता का कहना है कि बहुत से कैमरों की अवधि समाप्त हो चुकी है।
कैमरों ने काम करना बंद कर दिया है। पुलिस इन कैमरों को ठीक करा रही है और कुछ नई लोकेशन पर भी कैमरे लगाने की योजना बनाई जा रही है। लेकिन पुलिस शहर की बाजार एसोसिएशन से भी संपर्क कर रही है। वह अनुरोध कर रहे हैं कि यदि किसी दुकानदार ने अपनी दुकान में तीन कैमरे लगाए हुए हैं तो वह एक को बाहर की तरफ मोड़ कर रखे।
इससे वह पुलिस और सोसायटी को सुरक्षित रखने में सहयोग कर सकते हैं। खासकर शहर की अप्सरा मार्केट, रघुनाथ बाजार, रेजीडेंसी रोड, पक्का डंगा आदि में भीड़ रहती है। जहां चोर और शरारती तत्व सक्रिय रहते हैं।
ऐसे लोगों पर नजर रखने में दुकानदार बड़ी भूमिका निभा सकती है। गुप्ता ने कहा कि ऐसा होने से इन मार्केट में कुछ होने पर दुकानदार को ही लाभ होगा। वह फुटेज से देख सकेगा कि क्या हुआ है। इसके बाद पुलिस को जानकारी देगा तो पुलिस को कार्रवाई में मदद होगी।