दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर पीडीपी नेता की हत्या कर दी। किसी भी आतंकी संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के बाद इलाके में सर्च आपरेशन चलाया गया, लेकिन आतंकियों का पता नहीं चल सका। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पुलिस को हत्यारों की पहचान करने और उनकी हत्या के पीछे के इरादों का खुलासा करने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार पीडीपी के जिलाध्यक्ष अब्दुल गनी डार पर आतंकियों ने पिंगलेना इलाके में सोमवार की दोपहर गोलियां बरसाईं। आतंकियों ने करीब से एके-47 से तीन गोलियां मारीं। इनमें से दो गोली सीने में तथा एक कंधे पर लगी। गोली मारने के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल डार को एसएमएचएस अस्पताल श्रीनगर ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
डार पेशे से वकील थे। डार की हत्या पर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने अफसोस जताते हुए कहा है कि ऐसे निर्दोष लोगों की हत्याएं हमें हिंसा के चक्र की दुखद वास्तविकता की याद दिलाती हैं, जो हमारे समाज को अंधेरे में धकेल रहा है। राज्य के वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू, ग्रामीण विकास मंत्री अब्दुल हक खान, सहकारिता राज्य मंत्री मीर जहूर ने भी निंदा की है।