विजिलेंस आर्गेनाइजेशन जम्मू ने एक पटवारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए धर लिया। आरोपी पटवारी के खिलाफ रिश्वत लेने का केस दर्ज कर मामले को आगे बढ़ाया गया है। बुधवार को सरुईंसर के रहने वाले नारायण सिंह ने विजिलेंस के पास शिकायत दर्ज कराई।
बताया कि उनके क्षेत्र के पटवारी मोहम्मद शरीफ ने उनकी जमीन का रिकार्ड अटेस्ट करने के लिए रिश्वत मांगी। इसके बाद विजिलेंस ने मामला दर्ज कर लिया। डीएसपी एचएल पंडिता वाली टीम को दो स्वतंत्र गवाहियों की मौजूदगी में पटवारी के पास भेजा गया।
इस दौरान पटवारी ने रिकार्ड अटेस्ट करने के लिए 4000 रुपये लिए। तभी टीम ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि उनको दिए गए पैसों को भी बरामद कर लिया गया। इससे पहले भी विजिलेंस ने नायब तहसीलदार और एक गिरदावर को इसी तरह के केस में ट्रैप कर पकड़ा था।