सिटी थाना क्षेत्र से लापता नौवीं कक्षा के तीन छात्रों का अभी तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई है। वहीं बच्चों की तलाश में शुक्रवार को रेजीडेंसी चौकी से पुलिस टीम को दिल्ली रवाना किया गया है।
चौकी इंचार्ज अल्ताफ हुसैन के मुताबिक कहीं से कोई सकारात्मक सूचना नहीं आने पर उन्होंने पुलिस टीम को दिल्ली रवाना किया है। पुलिस के साथ लापता आरुष सिंह के पिता खुशी राम भी दिल्ली गए हैं।
वह दिल्ली से देहरादून और हैदराबाद भी जाएंगे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी पुलिस तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि मंगलवार की शाम को रेजीडेंसी रोड निवासी आरुष सिंह, प्रेम नगर निवासी आसिफ महरूफ और मकसूर अहमद अचानक लापता हो गए।
उनके अभिभावकों ने देर रात तक इंतजार किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद अभिभावकों ने उनके लापता होने की सूचना रेजीडेंसी पुलिस को दी। तीनों छात्र एक ही स्कूल के विद्यार्थी हैं।
पुलिस ने पहले अभिभावकों को दूर दराज रहने वाले रिश्तेदारों को सूचना देकर मदद लेने की बात कही थी, जिस पर कोई सकारात्मक रिस्पांस नहीं मिला। वहीं पुलिस दावा कर रही कि जल्द बच्चों को ढूंढ निकाला जाएगा।