दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। 13 जनवरी को एक मां ने अपने दो बच्चों को मौत के घाट सिर्फ इसलिए उतारा, क्योंकि वह पति को सबक सिखाना चाहती थी।
पुलिस ने वीरवार को बताया कि इस महिला ने पति से बदला लेने और उसे सबक सिखाने की मंशा से वारदात को अंजाम दिया था। पति के किसी लड़की के साथ अवैध संबंध होने से वह बेहद नाराज थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रुकैया बानो ने ही अपने बेटे और बेटी की गला काटकर बेरहमी से हत्या की थी।
बच्चों को मौत के घाट उतारने के बाद आत्महत्या की कोशिश की
वारदात को अंजाम देने के बाद उसने उसी चाकू से आत्महत्या करने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार कोकरनाग पुलिस ने 13 जनवरी को इमरान वागे (4 वर्ष) और चांदनी (2 वर्ष) की लारनू में लाश बरामद की थी।
साथ में इन बच्चों की मां को भी घायल अवस्था में पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसका इलाज चल रहा
है। पुलिस ने आरपीसी की धारा 302, 307, 452 के तहत एफआईआर 5/16 दर्ज मामले की जांच एसआईटी को सौंप दी थी। जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ।