त्रिकुटानगर थाना के अंतर्गत नरवाल के राजीव नगर इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े एक साथ दो घरों में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने एक मकान के ताले तोड़कर उसमें रखे जिंदा कारतूस, 12 बोर की गन सहित सोने के गहने चुरा लिए, जबकि पड़ोसी के घर में चोरी का प्रयास विफल हो गया। पीड़ित फारेस्टर विभाग में गार्ड तैनात है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से पुंछ, मौजूदा राजीव नगर निवासी महमूद अहमद जम्मू फारेस्ट विभाग में गार्ड तैनात है। उसने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई की कि रोजाना की तरह वह शनिवार को अपने कमरे को सुबह 10 बजे ताला लगाकर ड्यूटी पर चला गया था और दोपहर 2 बजे जब घर वापस आया तो देखा कि कमरे के कुंडे-ताले टूटे हुए थे।
अंदर अलमारी में से छह कारतूस, 12 बोर की गन और दो तोले सोना चोरी हो चुका था। गहनों में एक सोने की चेन और तीन अंगुठियां दर्ज करवाई है।
पुलिस के मुताबिक महमूद के घर के साथ ही दूसरे मकान में भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां पर प्रयास विफल हो गया।
महमूद अहमद ने बताया कि जिस घर में चोरी का प्रयास हुआ है, वह बेरवा, बडगाम श्रीनगर का रहने वाला मुमताज है। पिछले 4-5 माह से उसका कमरा बंद पड़ा है। वह खुद श्रीनगर में रहता है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।