अधिक नशा करने से जान गंवाने वाले कठुआ निवासी युवक नीशू ने हेरोइन और उसके दो साथियों ने चरस का सेवन किया था। यह नशीले पदार्थ युवकों ने पठानकोट के डमटाल से खरीदे थे। यह खुलासा एक युवक ने होश में आने के बाद शनिवार को किया।
शुक्रवार की देर शाम कठुआ निवासी नीशू, संजय व मक्खन की पठानकोट स्थित गुरु राज रेस्ट हाउस में नशा करने से हालत बिगड़ गई थी। अधिक नशा करने के चलते नीशू की मौत हो गई थी। पुलिस ने संजय और मक्खन को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया था।
शनिवार को हालत थोड़ी सामान्य होने पर संजय ने घटना की सारी जानकारी पुलिस से साझा की। संजय ने बताया कि वह तीनों हिमाचल से आ रहे थे और डमटाल में हेरोइन खरीदी थी। रास्ते में नीशू ने हेरोइन का सेवन शुरू कर दिया था। रेस्ट हाउस में कमरा लेने के बाद नीशू ने फिर से दो बार हेरोइन का सेवन किया।
संजय ने बताया उसने और मक्खन ने चरस की सिगरेट पी थी। नशा करने के बाद वह तीनों बेसुध हालत में पहुंच गए। संजय ने पुलिस को बताया कि आमतौर पर वह कठुआ से ही नशा खरीदते हैं। कठुआ से नशा न मिलने पर वह डमटाल आते हैं।
एसएसपी राकेश कौशल ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। डमटाल से नशा खरीदे जाने की बात पर एसएसपी ने कहा कि पठानकोट पुलिस हिमाचल पुलिस के साथ मिलकर सीमावर्ती क्षेत्रों में नशा तस्करों पर नकेल कसने के लिए अभियान चलाएगी।
गौरतलब है कि कठुआ शहर और आसपास के इलाकों में नशीले पदार्थ की ओवरडोज से हाल के वर्षों में कई युवाओं की मौत हो चुकी है। सूत्रों की मानें तो तीन वर्ष में तीन दर्जन युवा जान गंवा चुके हैं। पंजाब से सटे होने की वजह से कठुआ में नशीले पदार्थों की उपलब्धता और कठुआ के युवाओं की पंजाब में नशा बेचने वालों तक पहुंच आसान है।