पूर्व तस्कर सर्फू राम की पत्नी प्रीतो देवी की निशानदेही पर एक बार फिर हेरोइन और लाखों रुपये की नकदी का जखीरा बरामद किया गया है। इस मामले के फरार मुख्य आरोपी सर्फूू के भाई काला के घर पर पुलिस ने छापेमारी कर पांच पैकेट हेरोइन और चार लाख रुपये बरामद किए।
पूरे मामले में सर्फू की दो बेटियों सहित छह लोगों से पुलिस ने पूछताछ करने में हिरासत में लिया है। पुलिस ने प्रीतो देवी और उसके देवर काला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बरामदी में तीन तोले का एक गोल्ड नेकलेस भी बरामद हुआ है, जिसकी कीमत एक लाख रुपये तक हो सकती है।
पिछले कई दिनों से ज्यौड़ियां पुलिस इस मामले में लगी हुई है। अब तक दस किलो हेरोइन और 12 लाख रुपये के करीब नकदी बरामदी कर ली गई है। डीएसपी अखनूर नरेश शर्मा ने बताया कि प्रीतो को जेआईसी में रखने के बाद उसकी निशानदेही पर बरामदी की थी।
इसके बाद उसे वापस लाया गया और पूछताछ में उसने बताया कि काले के घर हेरोइन छुपाकर रखी गई है।
भारी मात्रा में कैश भी मिला
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की तो पांच पैकेट हेरोइन और 4,49,900 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा एक सोने का हार भी मिला। पुलिस ने पूछताछ में सर्फू की दोनों बेटियों, मां और तीन अन्य लोगों में दंपति जोगिंद्र राम और उसकी पत्नी और एक अन्य मंगल सिंह निवासी वदोबाल को हिरासत में लिया है।
इनसे सिर्फ पूछताछ की जा रही है। बताते चलें कि अमर उजाला ने पहले इस बाबत समाचार प्रकाशित किया था कि इस मामले में अभी और रिकवरी होगी। पिछले दस दिन से डीएसपी नरेश लगातार इस मामले पर अपनी नजर गड़ाए हुए थे।
अब तक करीब 12 लाख 94 हजार रुपये नकद और 16 पैकेट हेरोइन के बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार जोगिंद्र और सर्फू की मां के पास सवा दो-दो लाख की नकदी रखने के लिए दी थी। मुख्य आरोपी काला अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।