प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस के गोले दगाता जवान
- फोटो : File Photo
शहर के सफाकदल इलाके में कर्फ्यू की पाबंदी के बीच से गुजरती एंबुलेंस पर पेलेट गन से की गई फायरिंग में एंबुलेंस का चालक बुरी तरह जख्मी हो गया।
चालक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं सीआरपीएफ ने पेलेट गन फायरिंग के आरोपी सब इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित कर दिया।
घटना वीरवार को उस समय हुई जब एंबुलेंस चालक गुलाम मोहम्मद सोफी कंगन से मरीजों को महाराजा हरि सिंह अस्पताल लेकर जा रहा था। सफाकदल इलाके में पहुंचते ही एंबुलेंस पर पेलेट गन से फायरिंग शुरू हो गई। इससे चालक के शरीर के कई हिस्सों में घाव हो गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बोन एंड ज्वाइंट अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल चालक की हालत स्थिर बताई गई है। वहीं, सीआरपीएफ ने सब इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित करते हुए कहा कि तनावपूर्ण हालात के बावजूद एंबुलेंस पर पेलेट गन से फायरिंग में जल्दबाजी दिखाई गई। इससे बचा जा सकता था।