बाहरी राज्य से काम करने आए कामगारों की दस झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गईं। जब तक लोग कुछ कर पाते सभी झुग्गियां स्वाहा हो गईं। इसमें रखा उनका सारा सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
जानकारी के अनुसार कानाचक्क थाना अंतर्गत गांव पंडोरिया में बाहरी प्रदेश से आए कामगारों झुग्गियां बना कर रह रहे थे। शनिवार देर शाम साढ़े सात बजे के करीब अचानक एक झुग्गी में आग लग गई। देखते ही देखते घास फूस की बनी झुग्गियां एक के बाद एक अन्य झुग्गियों में भी आग पकड़ ली।
जब तक स्थानीय लोग मदद को पहुंचते सभी झुग्गियां आग में जल गई। इनमें रखा उनका सारा सामान जल गया। इसकी जानकारी देते हुए सरपंच गुरबचन सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से आग की मार झेलने बालों को खाना और गर्म कपड़े आदि मुहैया करवाए गए हैं।
रात को उनके सोने का प्रबंध भी कर दिया गया है। गांव बालों की ओर से दस दिनों तक इन परिवारों की सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। विश्वकर्मा सभा मिश्रीवाला के चेयरमैन मंगल दास ने भी सरकार से इन गरीब परिवारों को मदद देने की मांग की है।
कानाचक्क पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसा उस समय पेश आया जब यह परिवार दिहाड़ी लगाने के बाद झुग्गियों में आकर खाना पका रहे थे।