झाड़ियों में लगी आग को बुझाने के प्रयास में उसके पास बने पोल्ट्री शेड में भी आग भड़क गई। भीषण आग में शेड जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि पोल्ट्री शेड में रखे चूजों को चार दिन पहले ही बेच दिए गए थे।
मामला गांव छन्न अरोड़िया का है। जानकारी के अनुसार ओमकार नाथ निवासी छन्न अरोड़िया जब कठुआ से अपने पोल्ट्री शेड पहुंचे तो उन्होंने साथ में उगी झाड़ियों में आग सुलगती देखी। उन्हाेंने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन पोल्ट्री शेड में भी आग लग गई।
ओमकार ने हीरानगर फायर स्टेशन में फोन कर इसकी जानकारी दी। इसी बीच देखते ही देखते आग ने पोल्ट्री शेड की छत और अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। 15 मिनट बाद पहुंची फायर स्टेशन की टीम ने आग पर काबू पाया। ओमकार ने बताया कि चार दिन पूर्व ही उसने सभी चूजे बेचे थे। चूजे होते तो बड़ा नुकसान होता।