बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में रविवार की रात दो गुटों में हुई लड़ाई में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में करनैल सिंह, उसका बेटा बंटी और भतीजा सोहन सिंह शामिल है। आरोप है कि इलाके के ही एक दबंग के लोगों ने तीनों पर हमला किया।
घटना के बाद करनैल सिंह के लोग दबंग के घर की ओर कूच करने लगे, लेकिन पुलिस ने तनाव की आशंका को देखते हुए पहले ही वहां पुलिस बल तैनात कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार करनैल सिंह और उनका बेटा बंटी जा रहे थे।
सिडको चौक के पास कुछ लड़कों ने पुरानी रंजिश में उन पर हमला कर दिया। इस दौरान पिता-पुत्र के सिर पर गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी मिलने पर करनैल सिंह का भतीजा सोहन सिंह मौके पर बचाव के लिए पहुंचा तो हमलावरों ने उस पर वार किया। उसके हाथ पर गंभीर चोट आई है।
बताया जाता है कि उक्त दबंग के इशारे पर हमला किया गया। उधर, करनैल सिंह के लोगों को जब घटना का पता चला तो वे एकजुट होकर वीरपुर कांप्लेक्स की ओर पहुंचे, जहां उक्त दबंग का घर है। इसकी जानकारी पुलिस को मिल गई। पुलिस ने पहले ही उसके घर को घेर लिया और वहां पहुंचे लोगों को बताया कि वह घर पर नहीं है।
उधर, देर रात घायलों के साथ उनके लोग बाड़ी ब्राह्मणा थाने में डटे हुए थे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। एसएसपी सांबा अनिल मंगोत्रा ने कहा कि दो गुटों में आपसी लड़ाई हुई है। फिलहाल, विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।